एनएचके वर्ल्ड > हिन्दी का पहला पन्ना > एनएचके का परिचय
एनएचके का परिचय
एनएचके जापान में एकमात्र लोक प्रसारण निगम है । प्रसारण की शुरुआत 1925 में हुई थी । निगम के लिए धन जापान में टेलीविज़न दर्शकों से प्राप्त शुल्क से आता है । इस व्यवस्था का उद्देश्य राजनीति और निजी संगठनों के प्रभाव से मुक्त, निष्पक्ष प्रसारण उपलब्ध कराना और दर्शकों और श्रोताओं की राय को प्राथमिकता देना है ।
एनएचके इस समय देश के भीतर 4 टीवी और 3 रेडियो चैनलों पर प्रसारण करता है । मुख्य सतही यानि टैरेस्ट्रियल टीवी सेवा के सामान्य टेलीविज़न और शैक्षिक टेलीविज़न चैनल तथा 3 रेडियो चैनल समाचार, शैक्षिक कार्यक्रम, पारिवारिक मनोरंजन आदि के कार्यक्रम प्रसारित करते हैं । 2 सैटेलाइट टीवी चैनल विविध रुचियों के कार्यक्रम प्रसारित करते हैं । एनएचके वर्ल्ड अंतर्राष्ट्रीय प्रसारण सेवाएँ प्रदान करता है ।
एनएचके वर्ल्ड का परिचय
एनएचके वर्ल्ड एनएचके की विदेश प्रसारण सेवा है । यह सेवा टीवी, रेडियो और इंटरनेट पर विश्व के दर्शकों और श्रोताओं के लिए समाचार और कार्यक्रम प्रसारित करती है ।
एनएचके वर्ल्ड के उद्देश्य
- दुनिया भर के लोगों तक सटीक ढंग से जल्दी से जल्दी देश-विदेश के समाचार पहुँचाना ।
- एनएचके के विश्वव्यापी नेटवर्क का बेहतरीन उपयोग करते हुए एशिया के बारे में अलग-अलग नज़रिए से जानकारी प्रदान करना ।
- बड़ी दुर्घटना या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में सूचना का महत्वपूर्ण स्रोत बनना ।
- जापान की सँस्कृति और रहन-सहन के विविध पहलुओं, समाज और राजनीति की ताज़ा घटनाओं, नवीनतम वैज्ञानिक और औद्योगिक रुझानों और महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर जापान की भूमिका और राय के बारे में जल्दी से जल्दी अधिक सटीक प्रसारण करना ।
- जापान और अन्य देशों के बीच आपसी सद्भाव बढ़ाना और मैत्री तथा साँस्कृतिक सम्पर्क प्रोत्साहित करना ।
एनएचके वर्ल्ड की सेवाएँ
- एनएचके वर्ल्ड टीवी (अंतर्राष्ट्रीय टेलीविज़न प्रसारण)
- एनएचके वर्ल्ड टीवी, अंग्रेज़ी भाषा में टेलीविज़न सेवा है । यह सेवा दिन में २४ घंटे जापान, एशिया और शेष दुनिया के बारे में ताज़ातरीन जानकारी के साथ विविध कार्यक्रम भी प्रसारित करती है । इसे तीन संचार उपग्रहों के माध्यम से दुनिया भर में प्रसारित किया जाता है ।
- एनएचके वर्ल्ड प्रीमियम (कार्यक्रम वितरण)
- एनएचके वर्ल्ड प्रीमियम, जापानी भाषा में टीवी कार्यक्रमों की सेवा है । समाचारों और जानकारी से भरपूर कार्यक्रमों के अलावा नाटक, बाल जगत, खेल, मनोरंजन, संस्कृति और कला जगत से जुड़े कार्यक्रम प्रसारित किए जाते हैं । यह सेवा उपग्रह टेलीविज़न सेवा और केबल नेटवर्क के माध्यम से दिन में 24 घंटे उपलब्ध रहती है ।
- एनएचके वर्ल्ड रेडियो जापान
- एनएचके वर्ल्ड रेडियो जापान जापानी और अंग्रेज़ी सहित विश्व भर में 18 भाषाओं में प्रसारण करता है । प्रत्येक भाषा में प्रसारण की अवधि अलग-अलग है फिर भी प्रतिदिन कुल मिलाकर 55 घंटे 20 मिनट कार्यक्रम प्रसारित होते हैं ।
- एनएचके वर्ल्ड इंटरनेट सेवा
- 18 भाषाओं में कार्यक्रम, ऑडियो समाचार और जापानी भाषा सीखने के पाठ जैसी अनेक सेवाएँ उपलब्ध हैं । कुछ भाषाओं में समाचार वीडियो स्ट्रीमिंग, समाचारों का पाठ और मोबाइल समाचार सेवा भी उपलब्ध हैं । (सेवाओं की उपलब्धता विभिन्न भाषाओं में अलग-अलग है)